कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक केंद्र से ली जा सकेगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। संयुक्त पुलिस आयुक्त संगीता कालिया के कार्यालय में शस्त्र लाइसेंस संबंधी जानकारी देने के लिए विशेष सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। यह सहायता केंद्र सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित रहेगा। यहां पर कोई भी व्यक्ति शस्त्र लाइसेंस से संबंधित सेवाओं के बारे में निशुल्क सरल पोर्टल पर आवेदन अपलोड कराने की सुविधा प्राप्त कर सकेगा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त संगीता कालिया के संज्ञान में आया कि शस्त्र लाइसेंस से संबंधित आवेदनों को सरल पोर्टल पर अपलोड करते समय कई आवेदनों में त्रुटियां पाई जा रही हैं। इस कारण आवेदकों को परेशानी हो रही है। ऐसे में संयुक्त पुलिस आयुक्त कार्यालय स्थित शस्त्र लाइसेंस शाखा में यह केंद्र शुरू किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि विशेष सहायता केंद्र के लिए हेल्पलाइन नंबर 8595953261 जारी किया गया है, जिस पर कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जानकारी ली जा सकेगी।