गुरुग्राम। सोनाली फोगाट की मौत के मामले में गिरफ्तार उनके पीए सुधीर सांगवान का गुरुग्राम से भी कनेक्शन रहा है। सेक्टर 102 स्थित गुड़गांव ग्रीन्स सोसाइटी में सुधीर सांगवान ने एक फ्लैट किराए पर ले रखा है, जिसमें वह आता जाता रहा है। खास बात यह है कि सुधीर सांगवान सोसाइटी में अपने दोस्तों के बीच सोनाली को खुद की पत्नी बताता था। मौके पर एक सफारी कार खड़ी है। जो सुधीर की बताई जा रही है।
सेक्टर 102 की गुड़गांव ग्रींस सोसाइटी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संदीप फोगाट ने बताया कि सुधीर सांगवान ने सोसाइटी की 9वीं मंजिल पर थ्री बेडरूम का एक कमरा किराए पर ले रखा है। सांगवान हफ्ते 10 दिन में यहां आ ही जाता था। सोसाइटी मेें रहने वाले लोगों के मुताबिक सोनाली भी कई बार सांगवान के साथ आती थीं और एक-दो दिन तक रहती थीं। हालांकि, सोनाली का सोसाइटी के लोगों से इतना मिलना-जुलना नहीं था, जिस वजह से कई बार लोगों को उनके आने की जानकारी भी नहीं मिल पाती थी। सोसाइटी में रहने वाले लोगों के मुताबिक इसी बार सुधीर गोवा जाने से पहले सोसाइटी में आया था।
-------
सोसाइटी में रहते हैं 500 परिवार
पहले वह सोसाइटी के पार्क इत्यादि में दिख जाया करता था लेकिन इस बार वह नजर नहीं आया था। वहीं दूसरी तरफ सोसाइटी में रहने वाले अधिकांश लोगों को सोनाली की मौत के बाद पता चला है कि वह उनकी ही सोसाइटी में रहती थीं। सोसाइटी में कुल लगभग 500 परिवार रहते हैं। सभी को सोनाली की मौत का काफी दुख है। हालांकि पुलिस इस बारे में अभी कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर सोसाइटी से जानकारी मांगी जाएगी।