गुरुग्राम। खुद को एसएचओ और बेटे को जज बताकर रौब जमाने वाले एक ठग ने 81 साल के एक बुजुर्ग को हुडा विभाग की जमीन का ही सौदा कर डाला। जालसाजी से अनजान बुजुर्ग ने जमीन के 1.85 करोड़ में सौदा होने के बाद 40 लाख रुपये भी दे दिए। जब जमीन की रजिस्ट्री के लिए कहा तो आरोपी धमकी देेने लगा। पीड़ित बुजुर्ग ने आरोपी और उसके दो बेटों पर धोखाधड़ी करने व धमकियां देने के मामले में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पालम विहार निवासी बुजुर्ग बलवीर सिंह खुल्लर ने बताया कि दो साल पहले उन्हें सेक्टर-113 में रहने वाले ओम प्रकाश व उसके दो बेटे अश्विनी व सुनील ने सेक्टर-चार स्थित एक 500 गज के प्लाट को अपना बताकर बेचने की पेशकश की। बुजुर्ग ने प्लाट के कागजात देख 1.85 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए हामी भर दी। आरोपियों को बुजुर्ग ने 40 लाख रुपये भी दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी प्लाट की रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करने लगा। बुजुर्ग ने दबाव बनाया तो खुद को एसएचओ व बेटे को जज बताते हुए बुजुर्ग व उसके परिवार को धमकी दे डाली। बुुजुर्ग को पता चला कि आरोपियों ने प्लाट के फर्जी कागजात तैयार किए थे। प्लाट हुडा विभाग का है। बुजुर्ग का कहना है कि उन्हें पुलिस पर पूरा भरोसा है। आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने के बाद रुपये लौटाने की गुहार लगाई है।