दो किलोमीटर चलकर मुख्य सड़क से यू-टर्न लेकर सोसाइटी के दूसरी ओर पहुंचते हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। अडानी ऑयस्टर ग्रांडे सोसाइटी के लोग लंबे समय से फुटओवर ब्रिज बनाने का इंतजार कर रहे हैं। सेक्टर-102 की इस सोसाइटी का एक हिस्सा सड़क के एक ओर है और दूसरा हिस्सा, जिसमें क्लब और अन्य सुविधाएं हैं, वह दूसरी तरफ है। इस सड़क के बीच ऊंचा डिवाइडर बना दिया गया। अब लोगों को करीब दो किलोमीटर चलकर मुख्य सड़क से यू-टर्न लेकर सोसाइटी के दूसरी ओर पहुंचना पड़ता है। सोसाइटी के दूसरी ओर पैदल जाना बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। साथ ही सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए निवासी कई महीने से जीएमडीए और बिल्डर से फुटओवर ब्रिज मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जीएमडीए के अधिकारियों ने मौके के निरीक्षण के बाद सितंबर में फुटओवर ब्रिज बनवाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए बिल्डर को निर्देश दिया गया है कि वह सीएसआर गतिविधि के तहत फुटओवर ब्रिज बना दे, लेकिन अभी समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द एफओबी का निर्माण करवाया जाए, ताकि लोगों को अवागमन सुगम हो सकें।
फुटओवर ब्रिज नहीं होने के कारण लोगों को लंबा घूमकर जाना पड़ता है, इससे समय की बर्बादी होती है। सड़क के उस पार एक स्कूल भी है, जिसकी वजह से अभिभावकों और बच्चों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है।
- कर्नल (सेवानिवृत्त) हरि भगवान, पूर्व अध्यक्ष, अडानी ऑयस्टर ग्रांडे
हमारी सोसाइटी के दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए फुटओवर ब्रिज या कट न होने के कारण निवासी पिछले लंबे समय से भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। इस सोसाइटी के एक तरफ बी 1 साइड में 6 टावर हैं और दूसरी तरफ 3 टावर हैं। दोनों तरफ की सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर साझा हैं और सभी निवासियों को दोनों तरफ आना-जाना पड़ता है।
- अविनाश कुमार शर्मा, अडानी ऑयस्टर ग्रांडे,