-गांव गांव जाकर जन समर्थन जुटाने के लिए चला रहे अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित यूनिवर्सिटी की मांग को लेकर अब माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इलाके के सामाजिक लोग और समाजसेवी इस मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए गांव-गांव जाकर जनसमर्थन जुटाने में लगे हैं। अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए गांव स्तर पर बैठक भी आयोजित करने की बातें सामने आ रही हैं।
अख्तर हुसैन एडवोकेट, अरशद एडवोकेट पापडा, तौसिफ बीसरू, वासिद बीसरू, रामअवतार रायपुर, मांगे राम पुन्हाना, अनीश गुलालता, मुन्ना रहीश का कहना है कि मेवात क्षेत्र लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में क्षेत्र में यूनिवर्सिटी की स्थापना न केवल शिक्षा स्तर को सुधारने में मददगार होगी, बल्कि युवाओं को बेहतर अवसर भी प्रदान करेगी। समाजिक लोगो का कहना है कि जिले के बीचों बीच शिकरावा गांव में यूनिवर्सिटी के लिए उपयुक्त स्थान है।
अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों और युवाओं को इस मुहिम से जोड़ने का काम कर रहे हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर क्षेत्र में यूनिवर्सिटी बनती है तो इससे न केवल शिक्षा का स्तर बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र का समग्र विकास भी होगा। व्यापार, रोजगार और बुनियादी ढांचे में भी सुधार देखने को मिलेगा। खासकर लड़कियों की शिक्षा को इससे बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि उन्हें बाहर जाने की जरूरत कम होगी।