-वन विभाग के कार्यालय में हुई घटना, एक घंटे बाद निकाला गया शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर के जमालगढ़ रोड स्थित वन विभाग के कार्यालय परिसर में सोमवार को शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदते समय दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से एक मजदूर जिंदा दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पास के गांव खेड़ला निवासी हसीन 35 वर्ष के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वन विभाग कार्यालय में भवन का निर्माण कार्य चल रहा है जहां शौचालय का भी निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान मजदूर करीब 8-10 फीट गहरे गड्ढे में खुदाई कर रहा था। अचानक ऊपर की ढीली मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई और मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय आसपास मौजूद अन्य मजदूरों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मिट्टी अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों में हादसे को लेकर शोक और आक्रोश दोनों देखने को मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-
सुरक्षा मानकों के पालन न करने का आरोप :
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। गड्डे की जगह पर कुछ दिनों पहले ही मिट्टी डालकर भरत किया गया था जो अभी पूरी तरह ठोस नहीं हुई थी। गहरे गड्ढे के आसपास कोई पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
-
मृतक के परिवार में मचा कोहराम :
मृतक के परिवार में इस घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।