मौसम विभाग के अनुसार मार्च में ही अभी तक अनुमान से अधिक बरसात हो चुकी है। इस महीने के पहले पखवाड़े में गर्मी ने कुछ परेशान किया, लेकिन उसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहले पखवाड़े में जहां अधिकतम तापमान 29. 8 डिग्री सेल्सियस से 30.6 तक पहुंच गया था, अब यह 27.4 डिग्री से 28.4 डिग्री पर आ गया है।
कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मंजीत कुमार के अनुसार 30 मार्च से एक बार फिर मौसम परिवर्तनशील हो रहा है। 31 मार्च से लेकर दो अप्रैल तक गुरुग्राम सहित फरीदाबाद पलवल और नूह व आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ कहीं कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश की संभावना बन रही है। मध्य अप्रैल के बाद भी मौसम में बदलाव की संभावना है। जिस कारण पूरे महीने तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
मार्च में अब तक हुई 45 एमएम बारिश
डॉ मंजीत ने बताया कि मार्च महीने में अब तक 45 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से पांच गुना है। आमतौर पर मार्च महीने में अधिकतम सात से नौ एमएम बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 45 एमएम पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि 2022 में पूरे मार्च महीने में 0.5 एमएम ही बारिश हुई थी, जो सामान्य से काफी कम थी।