युवक ने खुद को बचाया, स्कूटी चकनाचूर, भीड़ का फायदा उठाकर भागे तस्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर थाना अंतर्गत ऊंट तस्करों का आतंक देखने को मिला है। बेखौफ दौड़ रही तस्करों की गाड़ी ने एक स्कूटी सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान युवक ने समय रहते अपने आप को बचाते हुए स्कूटी को पिकअप गाड़ी में नीचे छोड़ दिया, जिसके बाद करीब 200 मीटर तक पिकअप का ड्राइवर स्कूटी को घसीटता हुआ ले गया। इससे युवक की जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसका फायदा उठाकर पिकअप गाड़ी में सवार तीन लोग मौके से भागने में कामयाब हो गए। हालांकि युवक के हाथ और पैर में काफी चोटें आई हैं जो अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा में उपचाराधीन है। पुलिस ने पिकअप गाड़ी से तीन जिंदा ऊंटों को बरामद कर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक होमगार्ड पिकअप का पीछा कर रहा था, जिसकी वजह से तस्कर गाड़ी को तेज दौड़ा रहे थे।
होटल से खाना खाकर लौट था युवक
फिरोजपुर झिरका वार्ड नंबर 6 में रहने वाले नवाब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को देर शाम करीब साढ़े आठ बजे उसका चचेरा भाई शोएब स्कूटी पर सवार होकर पास के ही होटल से खाना खाकर घर लौट रहा था। जब वह फिरोजपुर झिरका शहर में शहीदी मीनार के पास पहुंचा तो सामने तिजारा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी के ड्राइवर ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी उसकी स्कूटी को घसीटकर ले गए।
ऊंटों की बड़े पैमाने पर तस्करी
घायल युवक ने बताया कि फिरोजपुर झिरका शहर के वार्ड नंबर 15 में बड़े स्तर पर ऊंटों की तस्करी होती है। यहां राजस्थान से ऊंट चोरी कर लाए जाते है और उन्हें काटकर मांस को मेवात क्षेत्र के अलावा दिल्ली गुरुग्राम जैसे एनसीआर क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता है। उन्होंने कहा कि जहां ऊंटों की तस्करी होती है, वहां से सदर थाना की दूरी महज 200 मीटर है। वहीं, शहर थाने की दूरी महज 500 मीटर है। करीब 10 साल से रोजाना ऊंट काटे जा रहे है।
होमगार्ड के पीछा करने की बात से पुलिस ने किया इंकार
फिरोजपुर झिरका शहर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पिकअप गाड़ी से तीन जिंदा गोवंश को बरामद किया गया है। उन्होंने पिकअप गाड़ी का पीछा होमगार्ड द्वारा करने की बात से इंकार किया और कहा कि पुलिस के किसी होमगार्ड के जवान को चोट नहीं आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।