नूंह। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक और सफलता हासिल की है। ब्यूरो की टीम ने थाना सदर नूंह के अंतर्गत आने वाले गांव सलंबा के पास से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 14.25 ग्राम हेरोइन को बरामद किया गया है। आरोपी की पहचान फिरोजपुर झिरका निवासी सोकीन पुत्र शेर मोहम्मद के रूप में हुई।
यह कार्रवाई एसपी मोहित हांडा के मार्गदर्शन और डीएसपी पंकज कुमार के निर्देशन में निरीक्षक मनोज सांगवान की टीम द्वारा की गई। थाना सदर नूंह एरिया में गश्त के दौरान, एएसआई बिजेंद्र और उनकी टीम को तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने रणनीतिक ढंग से संदिग्ध को नूंह से सोहना रोड पर सलंबा गांव के पास नशीले पदार्थ सहित काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना सदर नूंह में एनडीपीएस अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज का सहयोग अनिवार्य है। संवाद