गुरुग्राम। गांव कादरपुर में बसाई जा रही अवैध कॉलोनी को तोड़ने के दौरान किए गए पथराव के मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस ने छह प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें गजराज दायमा, इंद्रजीत, अजय कुमार, अरविंद, अमरनाथ व धर्मेंद्र शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तोड़फोड़ टीम द्वारा बनाई गई वीडियो में कई लोग पथराव करते नजर आ रहे हैं। इनकी भी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं डीटीपी आरएस बाठ ने बताया कि मंगलवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई तोड़फोड़ के दौरान करीब एक घंटे तक इन प्रॉपर्टी डीलर ने लोगों को एकत्र किया था। 30 मिनट तक लगातार पथराव किया गया। पहले 10 मिनट इतना जबरदस्त पथराव किया गया था कि किसी को यह समझ नहीं आ रहा था कि अपने बचाव के लिए वह किस तरफ भागें। यदि पुलिस समय पर न आती तो पथराव कर रहे उपद्रवी और अधिक उत्पात मचा सकते थे। उन्होंने बताया कि मौके पर छह प्रॉपर्टी डीलरों की पहचान की गई थी जो पथराव करने के मास्टरमाइंड थे।
मंगलवार को गांव कादरपुर में 15 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में डीटीपी की टीम तोड़फोड़ करने पुलिस बल के साथ पहुंची थी। यहां लोगों के विरोध करने के बावजूद टीम ने 25 निर्माणाधीन मकानों पर कार्रवाई की थी। कार्रवाई से नाराज लोगों ने टीम पर पथराव किया था। बाद में भारी पुलिसबल मौके पर पहुंचने के बाद कार्रवाई को पूरा किया गया।