- छात्रों को डिग्री के साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा
- सभी कोर्स में 20 से 60 सीटें निर्धारित की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बदलते दौर में रोजगारपरक कोर्स की बढ़ती मांग को देखते हुए गुरुग्राम यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 6 नए कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है। इनके माध्यम से छात्रों को डिग्री के साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने बताया कि नए सत्र से यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ साइंस (लाइफ साइंसेज) इंटीग्रेटेड, बैचलर ऑफ साइंस (मैथमेटिक्स एंड डेटा साइंस), मास्टर ऑफ साइंस (फोरेंसिक साइंसेज), मास्टर ऑफ बिजनेस (एग्जीक्यूटिव), बैचलर ऑफ कॉमर्स (ग्लोबल) और मास्टर ऑफ साइंस (क्वांटम टेक्नोलॉजी) जैसे कोर्स शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ये सभी पाठ्यक्रम पूरी तरह रोजगार उन्मुख और स्किल आधारित होंगे। समय के साथ बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी ने यह पहल की है। कुलगुरु के अनुसार, सभी कोर्स में 20 से 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में गुरुग्राम यूनिवर्सिटी छात्रों के लिए और भी नए रोजगारपरक कोर्स शुरू करने की योजना बना रही है।