संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना-गुरुग्राम मार्ग पर चलने वाली गुरुगमन बस सेवा को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर बुधवार को सोहना में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं ने बाजार क्षेत्रों में जाकर लोगों से हस्ताक्षर करवाए और अधिक से अधिक समर्थन देने की अपील की।
अभियान का नेतृत्व समाजसेवी बिरजू अधाना ने किया था। टीम ने दुकानों पर जाकर लोगों से संवाद किया। इनमें सभी ने बस सेवा बंद होने पर चिंता व्यक्त की और बिना संकोच हस्ताक्षर कर समर्थन दिया। लोगों ने कहा कि गुरुगमन बस सेवा बंद होने से प्रतिदिन आवागमन करने वाले नौकरीपेशा, महिलाओं, विद्यार्थियों और खासकर मेट्रो यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेट्रो स्टेशन पहुंचने के लिए अब उन्हें दूसरी सवारी ढूंढनी पड़ रही हैं। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
पिछले पांच दिनों से जीएमडीए ने सोहना-गुरुग्राम रूट पर गुरुगमन बसों का संचालन बंद कर रखा है। इससे आम जनता की दिक्कतें लगातार बढ़ रही हैं।जानकारी के अनुसार, इस रूट पर पहले लगभग एक दर्जन बसें नियमित रूप से चलाई जाती थीं।