एक करोड़ रुपये का मिलेगा अनुदान, सबसे अधिक घरों में सोलर पैनल लगाने पर मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित मॉडल सोलर विलेज प्रतियोगिता के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। एडीसी वत्सल वशिष्ठ की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीएलसी कमेटी ने छह माह के मूल्यांकन के बाद ग्राम पंचायत सिधरावली को विजेता घोषित किया। विजेता पंचायत को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से एक करोड़ रुपये का प्रोत्साहन अनुदान प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता की शुरुआत 24 अप्रैल 2025 को हुई थी, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना, घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सिस्टम से जोड़ना और गांवों को स्वच्छ ऊर्जा के प्रति आत्मनिर्भर बनाना था। सिधरावली सहित टीकली, भोडाकला, खेड़ला और पथरेड़ी ने इसमें भाग लिया। छह महीने तक इन गांवों में सोलर इंस्टॉलेशन, बिजली बचत, जागरूकता कार्यक्रम, पंचायत भागीदारी और परियोजना प्रगति जैसे मापदंडों पर निरीक्षण किया गया।
रिपोर्ट में सिधरावली को सर्वाधिक अंक मिले, जहां सबसे अधिक घरों में सोलर पैनल लगाए गए और जागरूकता अभियान प्रभावी रहा। पुरस्कार राशि का उपयोग सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापना, सरकारी भवनों में सिस्टम अपग्रेड और ग्रामीणों को योजना से जोड़ने में किया जाएगा। एडीसी वशिष्ठ ने प्रतिभागी गांवों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील की है।