गुरुग्राम। समय से पजेशन न देने पर सिग्नेचर ग्लोबल बिल्डर चार खरीदारों को ब्याज देगा। करीब दो साल की देरी से खरीदारों को पजेशन दिया गया था। यह आदेश हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (हरेरा), गुरुग्राम के चेयरमैन अरुण कुमार ने दिया है।
सौरव कुमार शर्मा, सनजीत जैसवाल, शिव मूर्ति पाल और रंगित सिंह ने अथॉरिटी में दायर की याचिका में बताया कि उन्होंने बिल्डर के सेक्टर-37डी में किफायती आवासीय परियोजना द मिलेनिया में फ्लैट बुक 2017 में बुक किया था। कंपनी की तरफ से आश्वासन दिया गया था कि वह उन्हें 21 अगस्त 2021 तक फ्लैट का पजेशन दे देंगे लेकिन उन्हें समय पर पजेशन नहीं दिया गया है। कंपनी को जनवरी 2023 को ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट मिला था, इसके बाद एक फरवरी 2023 को पजेशन दिया गया।
हरेरा ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि प्रमोटर को 21 अगस्त 2021 से एक फरवरी 2023 तक और इसके बाद दो महीने की अवधि के लिए खरीदारों की जमा राशि पर 10.80 प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज देना होगा।