- सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, मुंह पर कपड़ा बांधे दिखे दो युवक
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। बिलासपुर चौक स्थित राधा कृष्णा मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर दो युवकों ने 16 मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक सितंबर की रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। दो सितंबर की सुबह करीब सात बजे दुकान पहुंचे तो शटर के ताले कटे मिले। उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक रात करीब दो बजे दुकान में घुसते दिखाई दिए। दोनों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। आरोपियों ने आठ सैमसंग एंड्रॉइड, छह मोटो एंड्रॉइड और दो नोकिया कीपैड मोबाइल चोरी किए। इसके अलावा स्मार्टवॉच, बड्स समेत अन्य एक्सेसरीज भी ले गए। आरोपी बैग में सामान भरकर फरार हो गए और दुकान का शटर खुला छोड़ दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।
कोट- सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -मुकेश कुमार, जांच अधिकारी, बिलासपुर थाना