दूसरे का प्लॉट दिखाकर लगाया 17.30 लाख का चूना
गुरुग्राम। सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में शातिर युवक ने दूसरे का प्लॉट खुद का बता महिला को 17.30 लाख का चूना लगा दिया। आरोपी ने महिला के साथ फर्जी एग्रीमेंट भी कर लिया। आरोपी की करतूत पकड़े जाने के बाद महिला की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
लक्ष्मण विहार फेज-2 निवासी महिला आशा ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 2013 में उसने प्लॉट खरीदने के लिए अशोक विहार एक्सटेंशन-3 निवासी अरविंद कौशिक से संपर्क किया। आरोपी ने बड़े ही शातिर तरीके से किसी ओर के प्लॉट को दिखाते हुए उसे खुद का बताया। आरोपी ने महिला के साथ प्लॉट को लेकर डील भी फाइनल कर ली। इसमें एग्रीमेंट तैयार कर महिला से 10 लाख व इसके बाद 7.30 लाख रुपये ले लिए। इस दौरान महिला को जानकारी मिली कि जिस प्लॉट के लिए उनका समझौता हुआ है वो अरविंद का है ही नहीं। इस पर महिला ने आरोपी से जब रुपये वापिस मांगे तो उसने देने से इंकार कर दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। सेक्टर-5 थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित ने दस्तावेजों के आधार पर प्राथमिक जांच में धोखाधड़ी का मामला सामने आया। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।