गुरुग्राम। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कादरपुर स्थित समूह केंद्र में मंगलवार को पहली जोनल पैराशूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक व अकादमी के निदेशक केएस भंडारी ने किया। सीआरपीएफ शूटिंग टीम की राष्ट्रीय कोच सर्वेश तोमर ने बताया कि बुधवार से मुकाबले शुरू होंगे। प्रतियोगिता में सबसे पहले 10 मीटर एयर राइफल के मुकाबले होंगे।
सीआरपीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक केएस भंडारी ने कहा कि सीआरपीएफ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कार्यक्रम चला रही है। खिलाड़ियों ने सभी खेलों में देश-विदेश में पदक जीतकर सीआरपीएफ का नाम रोशन किया है। पैरा खिलाड़ियों के लिए भी सीआरपीएफ विशेष ध्यान दे रही है। सीआरपीएफ ने हैदराबाद में किन्हीं भी परिस्थितियों में घायल होने वाले कार्मिकों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की है। यह प्रशिक्षण केंद्र देश का एकमात्र प्रशिक्षण केंद्र है और वहां सीआरपीएफ के कार्मिकों को विशेष तरह के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पैरा कमेटी आफ इंडिया के जेपी नौटियाल, शूटर सिंहराज, अर्जुन अवार्डी मनीष, दीपेंद्र, सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक एवी चौहान, समूह केंद्र के उप-पुलिस महानिरीक्षक सुनील जून, उप कमांडेंट विनेश त्यागी के अलावा समूह केंद्र व अकादमी के सभी अधिकारी के अलावा कई पैरा खिलाड़ी भी मौजूद रहे।