गुरुग्राम। गायक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ यादव के घर पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार शूटर तरन तारन (पंजाब) के गांव नौने निवासी गुरशेर सिंह उर्फ शेरा (23) मुठभेड़ में ढेर हो गया। उसका साथी जसपाल उर्फ बबल (28) गोली लगने से घायल हो गया। एनकाउंटर के दौरान सिपाही नवीन कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।
सेक्टर-40 थाने के अंतर्गत कन्हई गांव में 2 मई की रात गायक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ यादव के घर पर हुई फायरिंग के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 8 मई की रात गुरशेर सिंह उर्फ शेरा व जसपाल उर्फ बबल (28) को गिरफ्तार किया था। दोनों को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही थी। अपराध शाखा की टीम सोमवार की सुबह गुरशेर व जसपाल को हथियार की बरामदगी के लिए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी गांव के पास लेकर गई थी। हथियार बरामदगी के दौरान बदमाशों ने बंधवाड़ी के पास छिपाई हुई तीन ग्लॉक पिस्टलें उठाकर पुलिस टीम पर 8-10 राउंड फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाई। गोली लगने से गुरशेर व जसपाल घायल हो गए। सिपाही नवीन को भी गोली लगी। तीनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोली लगने से घायल गुरशेर सिंह उर्फ शेरा की मौत हो गई। ब्यूरो