सीवरेज से ओवरफ्लो हुआ सड़क पर बहता पानी। संवाद सेक्टर-55 में हफ्ते भर से सीवरेज ओवरफ्लो, सड़
सिटिजन फोरम ने नगर निगम के संयुक्त आयुक्त से की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-55 में बुनियादी स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। इलाके में पिछले एक सप्ताह से सीवरेज पाइपलाइन पूरी तरह से ब्लॉक है। इस कारण गंदा पानी सड़कों पर लगातार ओवरफ्लो हो रहा है। नारकीय स्थिति के कारण स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है और महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों के संगठन सिटिजन फोरम ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फोरम के प्रतिनिधि एसपी कंबोज ने शनिवार को गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त रविंदर मलिक को एक आधिकारिक ईमेल भेजकर इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। नागरिक फोरम ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि इस समस्या पर पिछले एक हफ्ते से कोई ध्यान नहीं दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
आरडब्ल्यूए ने बताया कि सीवरेज ब्लॉकेज और गंदे पानी के भराव की यह समस्या मुख्य रूप से सेक्टर-55 के प्लॉट नंबर-67 और 72 के ठीक सामने यानी सीजीएचएस आदर्श सोसाइटी और सीजीएचएस ओएसिस सोसाइटी के पास बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले सात दिन से सीवरेज का बदबूदार पानी सड़कों पर जमा है। इससे न केवल राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है बल्कि पूरे इलाके में भयंकर दुर्गंध फैली हुई है। सिटिजन फोरम ने नगर निगम से अनुरोध किया है कि इस सीवरेज लाइन की तत्काल सफाई कराई जाए ताकि निवासियों को इस गंदगी से राहत मिल सके।