- गंदे पानी से होकर निकल रहे लोग, संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
वार्ड 21 के वजीराबाद में सड़कों पर सीवर भर गया है। लाइन के चोक होने के कारण सीवर ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। गंदे पानी से होकर लोगों को पैदल निकलना पड़ रहा है, वहीं मानसून में सीवर जमा होने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है। पैदल निकल रहे लोगों को त्वचा रोग के साथ एलर्जी, खुजली हो रही है। खाटू श्याम मार्ग पर रहने वाले लोग सीवर के कारण घरों में कैद हो गए हैं।
सेक्टर 56 रोड पर जीएमडीए की सीवर लाइन चोक हो गई है। इससे वजीराबाद नाई की ढानी में खाटू श्याम मार्ग पर 8 महीने से सीवर भरा हुआ है। यह मार्ग सेक्टर 56 रोड से गोल्फ कोर्स रोड को जोड़ता है। वजीराबाद में श्याम स्वीट्स के पास, चौथाई मोहल्ले में बल्लेराम वाली गली, ढानी चौक से सीनियर सेकेंडरी कन्या स्कूल, महादेव चौक, सोलंकी मार्केट के पास घाटा रोड, झील चौक से सेक्टर 57 को जोड़ने वाली रोड, महेंद्रा मोटर के पास आदि कई स्थानों पर सीवर चोक होने से यह ओवरफ्लाे होकर सड़क पर भर गया है। इस वजह से लोगों का पैदल निकलना दूभर है। इन सड़कों के किनारे बनी दुकानों पर सीवर भरे होने से ग्राहक नहीं आ रहे। दुकानदार इस वजह से किराया तक नहीं निकाल पा रहे।
लोग बोले- शिकायत की, पर समाधान न मिला
वजीराबाद निवासी राजवीर सिंह डागर, मुकेश यादव, बलबीर यादव, जोगेंद्र सिंह यादव, पवन कुमार, सुनील कुमार, अमरनाथ यादव आदि ने बताया कि जीएमडीए की मेन सीवर लाइन चोक हो चुकी है। सफाई न होने से 8 माह से ओवरफ्लो हो रही है। पार्षद से शिकायत की, पर आश्वासन ही मिला, समाधान नहीं। सीवर के कारण बच्चों को बाहर नहीं भेज पा रहे। केवल जरूरी काम होने पर ही दो पहिया वाहन से निकलते हैं।
.....वर्जन
नगर निगम अधिकारियों से समाधान के लिए कहा है। जीएमडीए के अधिकारियों को शनिवार को बुलाकर हालात दिखाए हैं। उन्होंने दो ट्रैक्टर में पंप लगाकर सीवर निकालने के लिए कहा है। पानी निकलने के दो-तीन दिन बाद चोक सीवर लाइन को खोला जाएगा।
सोनिया यादव, पार्षद, वार्ड - 21