लोग परेशान, बढ़ रहा बीमारी का प्रकोप, शिकायत के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास ओम नगर कॉलोनी में सीवर की सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के समय सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। गंदा पानी जमा होने से मच्छर पनपने रहे हैं और इलाके में बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अभी तक फॉगिंग नहीं कराई गई है। स्थानीय निवासी बाबू लाल का कहना है कि प्रशासन को बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी यहां पर सीवर की सफाई नहीं हो रही है। एक साल से सीवर की सफाई नहीं हुई है, जिस कारण सड़क पर पानी भर रहा है।
बारिश के समय हालत गंभीर हो जाते हैं, जिसके कारण लोगों को घरों से निकलते समय दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कर्मचारी खानापूर्ति के लिए टैंकर से पानी निकलवा देते हैं लेकिन सीवर की सफाई नहीं करते हैं। ओम नगर की ही रेखा यादव का कहना है कि नियमित रूप से सड़क की सफाई नहीं हो रही है। एक हफ्ते में सफाई कर्मी झाड़ू लगाने आते हैं। इलाके में सफाई नहीं होने के कारण कूड़ा जगह-जगह पड़ा रहता है। वहीं, निजी अस्पताल के डॉ. रमेश का कहना है कि हर रोज 20 से 25 डायरिया और वायरल बुखार के मरीज सामने आ रहे हैं। गंदे पानी की निकासी न होने के कारण मरीजों की संख्या बढ़ रही है और मलेरिया का भी खतरा बना हुआ है।