वर्तमान में पंजीकरण काउंटर पर ही दवा वितरण की व्यवस्था होने से लगी रहती हैं लंबी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है। अब मरीजों को पंजीकरण और दवा लेने के लिए एक ही स्थान पर भीड़भाड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन ने पंजीकरण काउंटर से अलग दवाओं के काउंटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि दवा के सात नए काउंटर बनाए जाएंगे।
वर्तमान में पंजीकरण काउंटर पर दवा वितरण की भी व्यवस्था है जिसके कारण मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। नई व्यवस्था के बाद पंजीकरण और दवा का वितरण दोनों अलग-अलग स्थानों पर होगा। इससे समय की बचत होगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत 100 से 150 मरीज एक साथ बैठकर सुविधा ले सकेंगे। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को खड़ा नहीं रहना पड़ेगा।
अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि इस कदम से मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और अस्पताल आने वाले लोगों का अनुभव और अधिक सहज बनेगा। प्रशासन ने कहा कि आगामी दिनों में अन्य सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अस्पताल में सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है जिससे मरीजों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। दवाई और पंजीकरण काउंटरों की अलग सुविधा की जाएगी। बेंच भी लगाई जाएंगी।
- डॉ लोकवीर, पीएमओ, नागरिक अस्पताल