गुरुग्राम। सार्वजनिक स्थल पर हंगामा करने व आपस में झगड़ा करने पर शनिवार देर रात पुलिस ने अलग-अलग जगह से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग तीन थानों में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस ने सभी को हिदायत देकर जमानत पर छोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक शनिवार रात को दो युवक आपस में झगड़ रहे थे। समझाने के बावजूद दोनों जब नहीं माने तो उनके खिलाफ डीएलएफ फेज-1 थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान शीतला कॉलोनी निवासी अमित व इलाहाबाद उत्तर प्रदेश निवासी अमित के रूप में हुई है। वहीं, दूसरी ओर सीए मार्केट डीएलएफ फेज-दो में सार्वजनिक स्थल पर दो युवक विवाद कर रहे थे। दोनों के खिलाफ डीएलएफ फेज-दो थाने में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों की पहचान सेक्टर-23 ए गुरुग्राम निवासी सुशील कुमार श्रीवास्तव व गाजीपुर (यूपी) निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं एटलस चौक पर तीन युवक आपस में झगड़ रहे थे। पुलिसकर्मियों ने इनको भी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। तीनों के खिलाफ सेक्टर-17/18 थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान छपरा बिहार निवासी अभिषेक जिला हिसार निवासी सुनील उर्फ पंजाबी के रूप में हुई है।