उच्चतर शिक्षा ने छह चरणों में सेवा पखवाड़ा मनाने के दिए निर्देश, सफाई अभियान चलेगा
दो अक्तूबर तक मनाया जायेगा, नशामुक्ति अभियान के साथ प्लास्टिक मुक्ति का दिलाएंगे संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर से सभी डिग्री कॉलेजों में सेवा पखवाड़ा शुरू किया जाएगा। यह पखवाड़ा महात्मा गांधी की जयंती दो अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सभी डिग्री कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता और नशा मुक्ति अभियान आयोजित किया जाएगा।
इसके साथ ही एक अक्तूबर को महाविद्यालयों में विशेष नशा मुक्ति और स्वच्छता उन्मूलन कार्यक्रम आयोजित होगा। महानिदेशक उच्चतर शिक्षा ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे इस सेवा पखवाड़े को सफल बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से गतिविधियों का आयोजन करें और इसकी रिपोर्ट चार अक्तूबर तक विभाग को भेजने के लिए पत्र जारी किया है। यह अभियान छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता और नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
निर्देशों के अनुसार
- 17 सितंबर को सभी विद्यार्थी, शिक्षक और स्टाफ स्वच्छता व नशा मुक्ति की शपथ का कार्यक्रम
- 18 से 20 सितंबर तक आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा
- 24 सितंबर को महाविद्यालयों में स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर का आयोजन होगा
- 25 से 27 सितंबर तक गलियों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा
- 29 से 30 सितंबर को छात्रों को कपड़े के थैलों और जूट बैग के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
- एक अक्तूबर विशेष नशा मुक्ति और स्वच्छता उन्मूलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा