चंदू बुढेरा प्लांट से बसई तक नई 1600 एमएम की पाइप डाली जा रही, डेढ़ माह में काम होगा पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-51 स्थित बूस्टिंग स्टेशन में डेढ़ माह (सितंबर तक) में पानी की सप्लाई बढ़ जाएगी। इससे सेक्टर-45 से 58 के अलावा सेक्टर-58 से 75 तक एक लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) चंदू बुढेरा नहरी पानी संयंत्र से बसई तक 1600 एमएम की पाइप डलवा रहा है। नई पानी लाइन से 50 एमएलडी पानी और बढ़ जाएगा।
जीएमडीए शहर में पेयजल सप्लाई बेहतर करने के लिए कई कदम उठा रहा है जिससे शहर के सभी बूस्टिंग स्टेशनों तक पर्याप्त पेयजल पहुंच सके। चंदू बुढेरा नहरी पानी शोधन से सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन को पानी की सप्लाई की जाती है। चंदू संयंत्र से कुछ दूर तक एक हजार एमएम की पाइप से पानी की सप्लाई बूस्टिंग स्टेशन तक की रही है। इससे सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन को पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है। दूसरा पाइप की क्षमता से ज्यादा पानी सप्लाई करना पड़ता है और सिस्टम पर ओवरलोड पड़ता है। दूसरी ओर पानी की कमी से बूस्टिंग स्टेशन करीब 16 घंटे ही चल पाता है जबकि इसे 20 से 22 घंटे तक संचालित होना चाहिए।
एक अनुमान के अनुसार करीब 50 एमएलडी पानी सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन को कम मिल रहा है। इससे सेक्टर-55, 57, 58 से 75 तक कई सेक्टरों में पानी आपूर्ति प्रभावित होती है। ऐसे में जीएमडीए ने चंदू बुढेरा से करीब एक हजार मीटर लंबी 1600 एमएम की पाइप बसई तक डलवा रहा है। इसके बाद 1600 एमएम की पाइप से सेक्टर-51 बूस्टिंग को जोड़ दिया जाएगा। इससे सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन को पर्याप्त पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इससे बूस्टिंग स्टेशन पूरी गति से संचालित हो सकेगा और पानी की सप्लाई में सुधार होगा। अभी सेक्टर 27 का बूस्टिंग स्टेशन शुरू नहीं हुआ है ऐसे में सेक्टर-58 से 75 तक पानी की सप्लाई भी सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन से होती है। इन सेक्टरों के लोगों को भी राहत मिलेगी।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अभिनव वर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन को पर्याप्त पानी मिलने से लोगों को राहत मिलेगी। जीएमडीए का प्रयास है कि सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन को पर्याप्त पानी मिले और सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन को भी चालू कर दिया जाए।
सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन शुरू करने पर भी जोर
जीएमडीए सेक्टर 72 बूस्टिंग स्टेशन को जल्द शुरू करना चाहता है। इसके लिए द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ करीब 800 मीटर मास्टर पाइप लाइन डाली जा रही है। जीएमडीए के अनुसार अक्तूबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। चंदू बुढेरा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से मास्टर लाइन के जरिये इस बूस्टिंग स्टेशन तक पानी लाया जाएगा। बूस्टिंग स्टेशन से यह पानी पंप कर सेक्टर-58 से 80 तक पहुंचाया जाएगा। ऐसे में शहर की एक बड़ी आबादी को इससे राहत मिलेगी। इस एरिया में काफी सोसाइटियां भी बसी हैं। बता दें कि चंदू बुढेरा संयंत्र में 100 एमएलडी का नया संयंत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में पानी की कमी नहीं है जबकि एक और नया 100 एमएलडी का संयंत्र दिसंबर तक पूरा हो जाएगा।
लोगों से बातचीत
सेक्टर में पानी की आपूर्ति न होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। नियमित पानी न मिलने से टैंकर पर निर्भर रहना पड़ता है। टैक्स देने के बाद भी पानी के लिए परेशान रहते हैं।
-बीएस लोहचब, सेक्टर-46, उप प्रधान
पूरे सेक्टर में दिनभर में सिर्फ एक बार ही सप्लाई होती है। जिस हिसाब से सेक्टर में जनसंख्या है ऐसे में पानी की आपूर्ति पूरी नहीं होती है। प्रशासन से कई बार पानी सप्लाई बढ़ाने के लिए बोल चुके हैं।
- हरीश यादव, सेक्टर-56, प्रधान
जिस हिसाब से सेक्टर बसा हुआ है ऐसे में दो बार पानी की आपूर्ति होनी चाहिए। जीएमडीए के अधिकारियों को कई बार ऑनलाइन पानी आपूर्ति बढ़ाने के लिए शिकायत की लेकिन समाधान नहीं निकला।
-लोकेश नीतू चौधरी, सेक्टर-46, सामाजिक कार्यकर्ता
सेक्टर में काफी संख्या में लोग रहते हैं। हालत यह है कि नियमित पानी की सप्लाई न होने से 800 से 1200 रुपये तक टैंकर मंगाने पड़ते हैं। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए।
-शशि सोनी, सेक्टर-56