इस स्टेशन से रेलवे स्टेशन से भोंडसी और साउदर्न पेरिफेरल रोड रूट का जंक्शन होगा
एक मेट्रो के ऊपर दूसरी मेट्रो लाइन होगी लेकिन दोनों का प्लेटफाॅर्म एक ही होगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में सेक्टर-5 का स्टेशन खास होगा। इस मेट्रो स्टेशन से रेलवे स्टेशन से भोंडसी और एसपीआर (साउदर्न पेरिफेरल रोड) रूट का जंक्शन होगा। ऐसे में इसे इस प्रकार से डिजाइन किया गया है ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। यहां एक मेट्रो के ऊपर दूसरी मेट्रो लाइन होगी लेकिन दोनों का प्लेटफाॅर्म एक ही होगा।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड की ओर से मिलेनियम सिटी से साइबर सिटी तक 28.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर कार्य किया जा रहा है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक सिविल वर्क चल रहा है। दूसरे चरण में सेक्टर-9 से साइबर सिटी तक मेट्रो के स्टेशनों के स्ट्रक्चरल डिजाइन बनाने का काम चल रहा है। इसमें सबसे अहम सेक्टर-5 मेट्रो स्टेशन है। इस मेट्रो स्टेशन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन को जोड़ना है।
जीएमआरएल के अनुसार सेक्टर-9 से साइबर सिटी जाने वाली मेट्रो का स्टेशन सेक्टर-5 में बनेगा और इससे गुड़गांव रेलवे स्टेशन को जोड़ा जाएगा। दूसरी ओर गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक मेट्रो संचालित करने की योजना और इसकी डीपीआर तैयार कराई जा रही है। ऐसे में सेक्टर-5 मेट्रो स्टेशन का डिजाइन गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भोंडसी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जीएमआएल के अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-5 के डिजाइन को तय करने में सबसे ज्यादा समय लगा। इसमें दोनों रूटों की मेट्रो लाइन ऊपर-नीचे होंगी लेकिन स्टेशन एक ही लेवल पर होगा। इसमें एक लाइन सेंट्रल वर्ज में और लाइन फुटपाट से होकर जाएगी। यहां से एसपीआर के लिए भी मेट्राे संचालित करने की योजना है।
दो लाइन के लिए डीपीआर हो रही तैयार
शहर का तेजी से विकास हो रहा है और दायरा भोंडसी तक पहुंच गया है। शहर में मेट्रो परियोजना को साल 2031 को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। एक अनुमान के अनुसार साल 2031 तक शहर की जनसंख्या 42 लाख तक पहुंच जाएगी। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की रेलवे स्टेशन-राजीव चौक-भोंडसी तक मेट्रो का निर्माण कराने की योजना है। मेट्रो भोंडसी से वाटिका चौक, सुभाष चौक, राजीव चौक से सदर बाजार होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाएगी जबकि सेक्टर-5 से एसपीआर (गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन) तक जानी है। इस रूट पर मेट्रो गोल्फ कोर्स से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो, सिग्नेचर टावर, सेक्टर-14 होते हुए बस स्टैंड से सेक्टर-पांच में ओल्ड मेट्रो में जुड़ जाएगी।