गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र से हथियार के बल पर युवती से कार छीनने की वारदात में शामिल दूसरे आरोपी को अपराध शाखा मानेसर की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। लूटी गई कार और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।
मानेसर अपराध शाखा के प्रभारी व उप-निरीक्षक अमित कुमार को आरोपी के गुुरुग्राम में होने की गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जींद जिला अंतर्गत गांव जींद निवासी अमन उर्फ सूखा के रूप में हुई है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी को पुलिस टीम पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
मालूम हो कि 13-14 दिसंबर की रात खेड़कीदौला थाना अंतर्गत पेट्रोमॉल के नजदीक युवती से आरोपियों ने कार लूट ली थी। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 दिसंबर को ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की पहचान जिला सोनीपत के गांव खानपुर खुर्द निवासी हिमांशु के रूप में हुई थी।