आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई एक कार और चार हजार रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकालने के मामले में 29 नवंबर को दूसरा आरोपी सेक्टर-43 से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई एक कार और चार हजार रुपये बरामद किए।
आरोपी की पहचान नूंह के झारपरी गांव निवासी आमिर के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को बातों में उलझाकर उसका डेबिट कार्ड बदल लिया था। बदले गए डेबिट कार्ड का प्रयोग करके रुपये निकाले थे। बता दें कि डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकालने के मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी सरफूदीन उर्फ सरफू को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी सरफूदीन उर्फ सरफू से पूछताछ के बाद ही आमिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी आमिर को रविवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
क्या था मामला
13 मार्च को एक व्यक्ति ने आईएमटी मानेसर थाने में शिकायत दी कि 10 मार्च को ढाणा गांव में एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ से रुपये निकालने गया था। इस दौरान एटीएम बूथ में मौजूद अज्ञात युवकों द्वारा उसको बातों में उलझाकर धोखे से उसका डेबिट कार्ड बदल लिया और उसके बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आईएमटी मानेसर थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करके मामले की छानबीन की।