गुरुग्राम। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। ऐसे में गुरुग्राम से होली मनाने के लिए घर जाने वाले यात्रियों को प्राइवेट बसों या अन्य साधनों पर निर्भर होना पड़ेगा। गुड़गांव से बिहार और उत्तर प्रदेश जाने के लिए कम ही ट्रेन होती हैं। यात्रियों को दिल्ली के स्टेशन से ट्रेन लेनी होती है। दिल्ली से जाने वाली ट्रेनों में भी आने वाले दिनों के लिए सीट फुल हो चुकी हैं।
गुड़गांव से ट्रेन संख्या 19269 पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस ट्रेन में आने वाले दिनों के लिए टिकट वेटिंग में चली गई हैं। यह ट्रेन सिर्फ हफ्ते में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को संचालित होती है। यह ट्रेन बरेली, गोड़ा, बतिया होती हुई बिहार के मुजफ्फरपुर तक पहुंचती है। ट्रेन संख्या 15014 रानीखेत ट्रेन में उत्तर प्रदेश के रामपुर,मुरादाबाद ही जाती है। इस ट्रेन में भी सीट नहीं बची हैं। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से ज्यादातर ट्रेनें राजस्थान के लिए जाती है। उन ट्रेनों में अभी सीटें बची हुई हैं। राजेश पटेल ने बताया कि शहर में पूर्वांचल लोगों की एक बड़ी संख्या है। ऐसे में गुड़गांव रेलवे स्टेशन कई ट्रेनों का संचालन उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए होना चाहिए ताकि वह अपने गांव में आसानी से पहुंच सकें। संवाद