जालसाजों ने बुजुर्ग से ठग लिए 95 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बुजुर्ग को आरओ की सर्विस के लिए इंटरनेट पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजना महंगा पड़ गया। जालसाजों ने बुजुर्ग से 95,003 रुपयों की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना पश्चिम में एफआईआर दर्ज की है।
अशोक विहार फेज-3 एक्सटेंशन निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त को उन्होंने आरओ की सर्विस कराने के लिए इंटरनेट पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया था। इसके बाद ओमप्रकाश के व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई। कॉलर ने कहा कि आरओ की सर्विस हो जाएगी और इसके लिए जालसाज ने ओमप्रकाश से 20 अगस्त को 45,001 रुपये, 25,001 रुपये व 25,001 रुपये दो अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराकर धोखाधड़ी की।
ओमप्रकाश ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर की है। पीड़ित बुजुर्ग ने दो दिन पहले साइबर अपराध थाने में शिकायत देकर जालसाजाें के खिलाफ कार्रवाई करने व रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।