- दोबारा अतिक्रमण करने पर दुकानदारों के खिलाफ नगर परिषद के अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर के विभिन्न बाजारों में बुधवार को एसडीएम रणबीर सिंह लोहान ने दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान एसडीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए।
एसडीएम ने दुकानदारों को स्पष्ट कहा कि दोबारा बाजार में अतिक्रमण न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दरअसल उपमंडल प्रशासन की तरफ से सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया था। इस दौरान एसडीएम रणबीर सिंह लोहान ने राजीव गांधी चौक से बाबू जगजीवन राम चौक तक नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बाजार की सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने दुकानों के बाहर सड़क पर रखे हुए सामान से हो रहे अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान एसडीएम ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी मनेंद्र सिंह को अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इन स्थानों पर है अतिक्रमण
शहर के मुख्य बाजारों में दुकानदारों ने 30 से 35 फीट के सड़क मार्ग पर अतिक्रमण कर मात्र सात से आठ फीट खुला छोड़ रखा है। लघु सचिवालय के सामने से पुन्हाना मोड़ तक, महारानी किशोरी कन्या महाविद्यालय से चौधरी चरण सिंह चौक तक, चौधरी चरण सिंह चौक से बाबू जगजीवन राम चौक तक, बाबू जगजीवन राम चौक से राजीव गांधी चौक तक दुकानदारों ने अवैध रूप से अतिक्रमण किया हुआ है।
बाजारों में अतिक्रमण की वजह से जाम लगता है। अतिक्रमण नहीं होगा तो जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी। अभी दुकानदारों को समझाया जा रहा है। यदि फिर भी अतिक्रमण करेंगे तो उनके खिलाफ नगर परिषद एक्ट के तहत कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाएगा। - रणबीर सिंह एसडीएम, होडल