आईआईएलएम यूनिवर्सिटी के बाहर 22 सितंबर को हुई वारदात, पुलिस ने विवि को पत्र लिखकर छात्रों पर कार्रवाई करने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-53 थाना इलाके में आईआईएलएम यूनिवर्सिटी के बाहर थार सवार युवकों ने एक छात्र को कार से टक्कर मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि छात्र इसमें बाल-बाल बच गया। इसके बाद यूनिवर्सिटी के बाहर काफी संख्या में छात्र इकट्ठा हो गए और छात्रों के दो गुटों में कहासुनी व हाथापाई हुई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में किसी को चोट नहीं लगी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सेक्टर-53 थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। इसके साथ ही पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को पत्र लिखकर छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है।
सेक्टर-53 स्थित आईआईएलएम यूनिवर्सिटी के बाहर ये वारदात 22 सितंबर की दोपहर बाद हुई। सफेद रंग की थार सवार छात्रों ने यूनिवर्सिटी के तृतीय वर्ष के एक छात्र को सड़क किनारे टक्कर मारने का प्रयास किया। इस दौरान छात्र ने कूदकर अपनी जान बचाई और वो बाल-बाल बचा। इसके बाद कार में से उतरे 2-3 युवकों ने उस छात्र से हाथापाई शुरू कर दी। जल्द ही यहां 20-25 छात्र इकट्ठा हो गए। इनमें 3-4 छात्राएं भी थी जो बीच-बचाव करने का प्रयास कर रही थी। धीरे-धीरे कर यहां और छात्र जुट गए और दोनों पक्षों में कहासुनी व हाथापाई होती रही। कहासुनी बढ़ी तो चारों छात्राएं साइड में हो गई। पूरी घटना यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
वारदात की सूचना मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं मिली। दोनों पक्ष यूनिवर्सिटी के छात्र ही पाए गए। दोनों गुटों के बीच पिछले काफी समय से विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पहले भी इनके बीच झगड़ा हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया था।