गुरुग्राम। छह महीनों से बंद स्कूलों को सोमवार को खोला गया। छात्र विभिन्न शर्तों और नए नियमों के साथ स्कूल पहुंचे। पहले दिन प्रत्येक स्कूल में दस से 20 छात्र ही बुलाए गए। इस दौरान विभिन्न विषयों में आई समस्याओं पर शिक्षकों का परामर्श लिया। जिले में सभी स्कूलों में सामाजिक दूरी के नियमानुसार छात्रों को पढ़ाया गया। जिले में पहले दिन सभी स्कूलों में 1119 छात्र उपस्थित रहे।
स्कूलों में प्रवेश द्वार पर ही तापमान जांच की गई। छात्र अभिभावकों द्वारा स्कूल जाने का लिखित सहमति पत्र लेकर पहुंचे। सामाजिक दूरी के घेरे में ही छात्रों को रोका गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जैकमपुरा के प्राचार्य सुनील शर्मा ने बताया कि पहले दिन दसवीं और बारहवीं कक्षा के 25 ही छात्र स्कूल पहुंचे। अधिकतर छात्र विज्ञान और गणित की समस्याओं को लेकर पहुंचे। वहीं, सिविल लाइन रोड स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 10 छात्र पहुंचे। अर्जुन नगर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 20 छात्र पहुंचे।