- 16 जुलाई से 28 जुलाई तक किए जाएंगे ऑनलाइन आवेदन
- 30 जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कॉलेजों में स्नातकोत्तर कोर्स में दाखिले के लिए दाखिला शेड्यूल जारी कर दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 जुलाई 2025 से शुरू होकर 28 जुलाई 2025 तक चलेगी। इस दौरान छात्र अपने आवेदन पत्रों में संशोधन भी 17 जुलाई से 29 जुलाई तक कर सकेंगे। 28 जुलाई को आपत्तियों सहित आवेदकों की सूची प्रदर्शित की जाएगी, वहीं दस्तावेजों का सत्यापन भी इसी अवधि में कॉलेज स्तर पर किया जाएगा।
पहली मेरिट लिस्ट 30 जुलाई को अस्थायी रूप में और 31 जुलाई को अंतिम रूप में जारी की जाएगी। जिन छात्रों का चयन मेरिट लिस्ट में होगा, उन्हें 1 अगस्त से 4 अगस्त तक फीस जमा करानी होगी। इसके बाद पांच अगस्त को फिजिकल काउंसलिंग के जरिए बची हुई सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चलाई जाएगी।
छात्रों को एक और मौका देते हुए 6 अगस्त से 12 अगस्त तक 100 रुपये की लेट फीस के साथ काउंसलिंग प्रक्रिया जारी रहेगी। वहीं, 13 अगस्त से 19 अगस्त तक 100 रुपये प्रतिदिन की अतिरिक्त लेट फीस के साथ भी शेष सीटों पर प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। विभाग ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर सभी प्रक्रियाएं पूरी करें ताकि उनका दाखिला सुरक्षित हो सके।