मरोड़ा पुल के नीचे कार में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नगीना थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कार के अंदर मिला। घटना गांव मरोड़ा के पास डीएमई के पुल के नीचे की है। सूचना मिलते ही नगीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा की मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान मनीष क्रांति के रूप में हुई है, जो मूलरूप से पटना, बिहार के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की लुहिंगाकला ब्रांच में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में गुरुग्राम में रह रहे थे। वह रोजाना की तरह से ड्यूटी करने के बाद अपनी कार से गुरुग्राम स्थित घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होते देख गाड़ी मरोड़ा पुल के नीचे सड़क किनारे रोक दी। काफी देर तक गाड़ी खड़ी रहने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। जब लोगों ने करीब जाकर देखा तो बैंक मैनेजर कार में अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना की खबर मिलते ही एसबीआई बैंक के कर्मचारी और अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। नगीना थाना प्रभारी सचिन कुमार का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
फोटो: मृतक मनीष फाइल फोटो, घटनास्थल पर खड़ी शाखा प्रबंधक की कार।