संवाद न्यूज एजेंसी।
तावड़ू। पंचायतोें में भ्रष्टाचार के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला तावडू की ग्राम पंचायत पचगांवा से सामने आया है। इस पंचायत की महिला सरपंच पर आरोप है कि उनके परिजन पंचायती कार्यों में जमकर हस्तक्षेप कर गबन करने में लगे हैं। आरोप है कि अपने नजदीकी लोगों के मकान परिसरों में बोरवेल लगाकर सरकारी राशि का जमकर दुरुपयोग करने का आरोप है। जिनका ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इस संदर्भ में सीएम विंडो में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता शाहिदा का दावा है कि गांव में बोरवेल करवा कर लगाए गए हैंडपंप सरकारी जमीन पर दिखाए गए है। जबकि ज्यादातर निजी व्यक्तियों के परिसरों में लगाए गए हैं। जिनका कोई सर्वे भी नहीं हुआ। सरपंच ने पंचायती राशि का दुरुपयोग कर गबन किया है। गांव में नालियों का निर्माण नहीं हुआ जबकि कागजों में उनकी सफाई के नाम पर राशि निकाल ली गई। इसके अलावा मुख्य आरोप है कि गांव की सरपंच महिला है, जबकि पंचायत के कार्य में पिता और भाई हस्तक्षेप करते हैं। जिन्हें महिला सरपंच के फर्जी साइन करने की लताड़ भी लगाई जा चुकी है। इस संदर्भ में महिला सरपंच और खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।