सरहोल बॉर्डर पर एमसीडी टोल पर लगाए गए कैमरे। फोटो- संवाद
दिल्ली की ओर जाने वाले व्यवसायिक वाहन चालकों को सरहोल बॉर्डर पर जाम से मिलेगी निजात
नंबर गेम - 3.50 लाख वाहनों का होता है आवागमन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर सरहोल बॉर्डर स्थित एमसीडी टोल को नवंबर माह के अंत तक बैरियर फ्री किया जाएगा। दिल्ली नगर निगम द्वारा यहां मल्टी लेन फ्री फ्लो इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। टोल प्लाजा पर लोहे के एंगल के ऊपर कैमरे लगाए जा चुके हैं। टोल के बैरियर फ्री होने के बाद गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने वाले व्यवसायिक वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे। पीक ऑवर्स में लगने वाले भीषण जाम से निजात मिल जाएगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारियों के अनुसार, सरहोल बॉर्डर स्थित एमसीडी टोल से बैरियर को पूरी तरह हटा दिया जाएगा। इसके बाद व्यवसायिक वाहनों की पहचान व टोल टैक्स की वसूली के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन के लिए टोल लेन पर हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए जाएंगे। ऐसे में चलते व्यवसायिक वाहन की नंबर प्लेट को रीड करके सीधे बैंक खाते या फास्टैग से टोल वसूल कर लेंगे। टोल प्लाजा बैरियर फ्री होने से वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा और सरहोल बॉर्डर क्षेत्र में होने वाले वायु प्रदूषण में भी भारी कमी आएगी।
लोगों को जाम से मिलेगी मुक्ति
सरहोल बॉर्डर गुरुग्राम व दिल्ली को जोड़ने वाला सबसे व्यस्त रूट है। हर रोज यहां से करीब 3.50 लाख वाहनों का आवागमन होता है। वर्तमान में एमसीडी के टोल बूथ पर व्यवसायिक वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण अन्य वाहनों की रफ्तार भी धीमी होने से सुबह व शाम के समय लंबा जाम लग जाता है। बैरियर फ्री होने से वाहन चालकों व सवारियों को जाम से मुक्ति मिलने के साथ ही न सिर्फ ईंधन की बचत होगी।
सरहोल बॉर्डर स्थित एमसीडी द्वारा टोल पर कैमरे व मल्टी लेन फ्री फ्लो इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग सिस्टम लगाने का काम किया जा रहा है। बैरियर फ्री होने के बाद व्यवसायिक वाहन बिना रोके ही टाेल पार कर सकेंगे। इससे सरहोल टोल पर जाम की समस्या का कुछ हद तक समाधान हो सकेगा। - भवनेश कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई