संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना कस्बे में नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। ये हड़ताल 20 अगस्त तक रहने की संभावना है। हड़ताल होने से परिषद क्षेत्र कूड़ा घर में तब्दील होकर रह गया है। इससे बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है। वहीं हड़ताली कर्मचारियों ने परिषद चेयरपर्सन को ज्ञापन पत्र सौंपकर मांगों को पूरा कराए जाने की गुहार लगाई है।
सोमवार को नगर परिषद के सफाई कर्मचारी रोजमर्रा की भांति परिषद गेट के बाहर धरने पर बैठ गए थे जिन्होंने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करके जमकर नारेबाजी की थी। हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर काफी दिनों से हड़ताल पर हैं। जो साफ सफाई का कार्य नहीं कर रहे हैं। कर्मचारियों ने एकजुट होकर परिषद चेयरपर्सन प्रीति बागड़ी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि राजेंद्र बागड़ी को अपनी लंबित मांगों को पूरा कराए जाने के लिए लिखित ज्ञापन पत्र सौंपकर गुहार लगाई थी। उक्त ज्ञापन पत्र में करीब आधा दर्जन मांगे शामिल थीं। इस अवसर पर सुभाष खटाना, प्रदीप, बबली, ललित, सोनू, कमल आदि मौजूद रहे। वहीं परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि राजेंद्र बागड़ी ने ज्ञापन पत्र को उच्चाधिकारियों को जल्द ही प्रेषित करने का आश्वासन दिया है।
बीमारियां फैलने का खतरा बना
सफाई कर्मचारियों को हड़ताल से क्षेत्र कूड़ा घर बनकर रह गया है। जगह जगह गंदगी के बड़े बड़े ढेर लगे हुए हैं जिससे क्षेत्र में भयंकर बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। बाजारों में गंदगी होने से इस त्योहारी सीजन में ग्राहक खरीदारी के लिए काफी कम संख्या में पहुंच रहे हैं। दुकानदार अनुज गुप्ता, अशोक गर्ग, राजू, राकेश, प्रदीप, अमित आदि बताते हैं कि अधिकारीगण गंदगी होने के बाद भी मूकदर्शक बने बैठे हैं जिन्होंने त्योहारी सीजन होने के बावजूद भी सफाई कराने का प्रयास नहीं किया है।