गुरुग्राम। पिछले करीब 20 दिन से बंद बजघेड़ा पुल से बृहस्पतिवार को विशेषज्ञों की टीम ने कंक्रीट के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। वहीं, पुल के पास जीएमडीए के मुख्य सीवर का ढक्कन टूट गया है जिसके कारण हादसा होने का डर बना हुआ है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि पुल निर्माण के एक साल बाद विभाग ने विशेषज्ञों की टीम भेजकर पुल की जांच कराई है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही को बंद रखा गया है। यहां से कंक्रीट के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। पुल के पास टूटे सीवर के ढक्कन के बारे में जीएमडीए अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
दरअसल, बजघेड़ा रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने पुल का निर्माण किया है। लोगों ने बताया कि पुल का एक हिस्सा करीब 20 दिन से वाहनों के आवागमन के लिए बंद किया गया है। इसी पुल के नजदीक कृष्णा चौक की तरफ जीएमडीए का सीवर का ढक्कन टूट गया है जिससे वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी हुई है। लोगों को पुल के एक तरफ से आवाजाही बंद होने का कारण तक पता नहीं लग पा रहा है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संभवत: शुक्रवार से पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।