गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति से 2.42 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने झांसे में लेकर क्रेडिट कार्ड से इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन के जरिये ये ठगी की है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम थाना ईस्ट में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। टीम ने ट्रांजेक्शन की डिटेल के आधार पर मामले में जांच कर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है।
मामले में पुलिस को शिकायत गोल्फ कोर्स रोड निवासी रजनीश चड्ढा ने दी है। इनका आरोप है कि इनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर अज्ञात ठगों ने इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन की। कई ट्रांजेक्शन में कुल दो करोड़ 42 लाख 17 हजार 223 रुपये की ठगी की गई। मामले में परेशान होकर शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। साइबर सेल की तकनीकी टीमें इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन के गेटवे, आईपी एड्रेस और उन विदेशी मर्चेंट अकाउंट्स की पड़ताल कर रही हैं जहां यह पैसा ट्रांसफर हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर फंड्स को फ्रीज करने और आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रहे हैं।