राष्ट्रीय सीरीज बॉयज एंड गर्ल्स का 23 से 30 मई तक हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक्सीलेंस स्पोर्ट्स क्लब के टेनिस कोर्ट्स पर एआईटीए राष्ट्रीय सीरीज बॉयज एंड गर्ल्स अंडर-14 टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। ऑल इंडिया टेनिस संघ के तत्वावधान में 23 से 30 मई तक चले राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में देश भर के शीर्ष जूनियर खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। समापन समारोह के अवसर पर ऑल इंडिया टेनिस संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमन कपूर एवं एक्सीलेंस स्पोर्ट्स क्लब की डायरेक्टर कविता यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त रोमांच और कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंडर-14 बालक एकल वर्ग के खिताबी मुकाबले में रोहित ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए धीरेन गोथवाल को पराजित कर राष्ट्रीय चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं दूसरी ओर, बालिका एकल वर्ग के फाइनल मैच में सरेना गहलोत ने अपनी बेहतरीन सर्विस और बेसलाइन गेम के दम पर पूर्वी पटवा को हराकर नेशनल सीरीज की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
एकल मुकाबलों की तरह डबल्स मैचों में भी खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल और कोर्ट पर बेहतरीन जुगलबंदी देखने को मिली। अंडर-14 बालक डबल्स के फाइनल मुकाबले में रोहित और तेगवीर सिंह की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए कनिष्क और आरुष सांगवान की जोड़ी को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया, जिसके साथ ही रोहित टूर्नामेंट के डबल चैंपियन बने। वहीं, बालिका डबल्स वर्ग के फाइनल मैच में एकल की फाइनलिस्ट पूर्वी पटवा और सरेना गहलोत ने एक साथ जोड़ी बनाकर खेलते हुए अरायना विशाल और माहिरा भाटिया की चुनौती को ध्वस्त कर खिताबी जीत दर्ज की पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए एक्सीलेंस स्पोर्ट्स क्लब की डायरेक्टर कविता यादव और एआईटीए के उपाध्यक्ष सुमन कपूर ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।