300 करोड़ के सड़क निर्माण व विकास कार्यों पर लगा ब्रेक, मरम्मत का पूरा होने में लगेगा समय
नंबर गेम - 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में लगातार खराब होती हवा की गुणवत्ता के कारण विकास कार्यों पर असर पड़ा है। एक्यूआई 300 के पार पहुंचने से करीब 300 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 5 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। एचएसवीपी, जीएमडीए और नगर निगम की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं इससे प्रभावित होंगी। बसई रोड, पटौदी रोड, दिल्ली रोड और इफको चौक से एमजी रोड तक के काम रुकेंगे। शीतला माता अस्पताल से नगर निगम कार्यालय तक सड़क निर्माण भी प्रभावित होगा। जिन इलाकों में सड़कें पहले से खुदी हैं, वहां लोगों को अभी और परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
प्रमुख विकास कार्यों पर प्रतिबंध और नियम
निगम और जीएमडीए के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स इस अवधि में ठप रहेंगे। इनमें लगभग 88 करोड़ रुपये का वजीराबाद खेल स्टेडियम और शीतला माता मंदिर का निर्माण कार्य शामिल है। निगम की 30 करोड़ रुपये की सीवर लाइनें और 70 करोड़ रुपये की मॉडल सड़कें भी प्रभावित होंगी। क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण कुमार ने स्पष्ट किया है कि 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले निर्माण स्थलों का डस्ट पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण न कराने या धूल नियंत्रण में लापरवाही पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से निर्देशों के बाद यह पाबंदी लगाई गई है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम