जमीन की तलाश कर रहा एचएसआईआईडीसी, उद्योगपतियों के साथ विभाग की हो चुकी है बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पंजाब के उद्योगपति निवेश की तैयारी कर रहे हैं। जिले में करीब 1000 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर पंजाब के कारोबारियों के साथ बातचीत चल रही है। इसके लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) की ओर से सोहना और पटौदी क्षेत्र में जमीन चिन्हित की जा रही है। इन क्षेत्रों में उपयुक्त जमीन मिलने के बाद उद्योग स्थापित करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निवेश को लेकर विभाग और उद्योगपतियों के बीच बैठक भी हो चुकी है।
दरअसल, हरियाणा में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और नए कारोबारियों को प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी पंजाब के कारोबारियों से हरियाणा, विशेषकर गुरुग्राम में निवेश करने का आह्वान किया था। इसके बाद जिले में निवेश की संभावनाओं को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं।
एचएसआईआईडीसी के डिप्टी प्रबंधक अरुण गर्ग ने बताया कि पंजाब के उद्योगपतियों के साथ निवेश को लेकर विभाग की बैठक हुई है। इसमें जिले में उद्योग स्थापित करने की चर्चा की गई। करीब 1000 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर बातचीत चल रही है। उद्योग लगाने के लिए सोहना और पटौदी क्षेत्र में जमीन भी देखी जा रही है।