अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि कई साल से शहर की जनता सड़कों के नाम पर गड्ढों में चल रही है। अब जब दिखाने के लिए पैचवर्क का काम किया जा रहा है तो इसमें भी भ्रष्टाचार की बू आ रही है। बसई रोड पर सड़क पर लगाए गए पैचवर्क को हाथों से खुरचा तो सारा मलबा हाथों में आ गया। इससे साफ पता चलता है कि किस तरह से गुरुग्राम की जनता की गाढ़ी कमाई भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है।
पंकज डावर शनिवार को बसई रोड पर लोगों के बुलावे पर पहुंचे थे। लोगों ने उन्हें दिखाया कि किस तरह से यहां पैचवर्क के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। जिस सड़क को नया बनाना चाहिए था, उसे पैचवर्क करके सरकार और प्रशासन अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। पंकज डावर ने कहा कि शहर की टूटी सडक़ों पर ऊबड़-खाबड़ पैचवर्क किया जा रहा है। पैचवर्क के नाम पर यह खानापूर्ति की जा रही है। इसी खानापूर्ति से अधिकारी लाखों रुपये का बजट यहां खर्च हुआ दिखा देंगे। पंकज डावर ने कहा कि लंबे समय से शहर के गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है। जनता बेहाल हो चुकी है लेकिन शासन-प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।