संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। बहन को तीज का शगुन देने जा रहे जीआरपी से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा पलवल-सोहना रोड पर स्थित मेघपुर गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान दुलीचंद (63) निवासी सल्लागढ़ के रूप में हुई है। शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि मृतक के भाई श्रीचंद की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दुलीचंद बाइक पर सवार होकर पलवल से तावड़ू अपनी बहन को तीज का शगुन देने जा रहा था। इसी दौरान मेघपुर गांव के निकट पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।