बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान, जरूरत के समय घर से बाहर निकलने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में दिवाली के बाद बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, सर्दी-जुकाम, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में आंखों, शुगर, हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का ध्यान रखना जरूरी है।
डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से अस्थमा, एलर्जी और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना चाहिए। घर में इनडोर पौधे लगाने के साथ हल्का व्यायाम भी किया जा सकता है।
डॉक्टर का कहना है कि अस्थमा और सांस के मरीज अपनी दवाएं नियमित रूप से लें और डॉक्टर की सलाह के बिना दवाओं में बदलाव न करें। शुगर और बीपी के मरीज समय-समय पर अपनी जांच करवाते रहें। घर से बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला एन 95 मास्क पहनें। आंखों में जलन होने पर उन्हें साफ पानी से धोएं और बार-बार आंखों को हाथ लगाने से बचें। लेंस का इस्तेमाल करने वाले लोगों को प्रदूषण के दौरान इसका कम करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर चश्मे का इस्तेमाल करना चाहिए
-
प्रदूषण के दौरान पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना चाहिए। यदि सांस लेने में अधिक परेशानी, सीने में दर्द या आंखों में लगातार जलन हो तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। - डॉ. अनुज बिश्नोई, जरनल फिजिशियन