एक लाख लेकर छोड़ा, केस दर्ज, मारपीट और यौन उत्पीड़न का भी आरोप, पीड़ित अस्तपाल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। रेवाड़ी से तावड़ू में रहने वाले बीमार चाचा से मिलने आए एक युवक को तावडू में फिरौती के लिए अगवा कर लिया गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न किया। परिजनों से पांच लाख की फिरौती मांगी गई। एक लाख रुपये मिलने पर आरोपियों ने युवक को छोड़ दिया। पीड़ित अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। शनिवार को युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया और मेडिकल करवाया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चार मई को रेवाड़ी निवासी जीवन दास अपने बीमार चाचा से मिलने तावडू आया था। वहां से वह अपनी बुआ और मौसी से मिलने के लिए अनाज मंडी क्षेत्र में पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान भरतपुर, राजस्थान निवासी आरोपी घनश्याम, भीम, राधेश्याम, गोपाल श्याम, बबलू, काला, शेर सिंह, सपना और गंगा ने जीवन दास को हथियार के बल पर कार में बिठा लिया।
पीड़ित के पिता राम सिंह के अनुसार के मुताबिक दो दिन बाद उन्हें बेटे के नंबर से कॉल आई, जिसमें पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। आरोपी उसे राजस्थान के भरतपुर जिले के पास एक जगह पर छोड़ने के बदले पैसे मांग रहे थे। डर के मारे राम सिंह ने एक लाख रुपए आरोपी को थमा दिए। एक लाख मिलने का बाद आरोपी युवक को उसकी बुआ घर के पास छोड़ गए। आरोपियों से छूटने के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो पता चला कि उसके दांत टूट चुके हैं, पेट और पैरों में गंभीर चोटें हैं, पेशाब में खून आ रहा है। युवक ने बताया कि उसे उल्टा लटकाकर बेरहमी से मारा गया और यौन उत्पीड़न भी किया गया।
वहीं, मामले को लेकर शहर थाना प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि युवक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।