-क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें सभी अधिकारी : उपायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मेवात विकास प्राधिकरण (एमडीए) अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेवात विकास प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों, उपलब्ध बजट तथा आगामी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा वर्ष 2025-26 में किए गए कार्यों, व्यय की स्थिति तथा वर्ष 2026-27 के लिए उपलब्ध बजट पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेवात क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान प्राप्त अनुदान राशि एवं उपलब्ध फंड के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों पर धनराशि जारी की गई। साथ ही वर्ष 2026-27 के लिए उपलब्ध बजट के अंतर्गत नई विकास योजनाओं एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचा, पेयजल, सड़क एवं सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से कहा कि वे अपने विभागों से संबंधित विकास प्रस्ताव शीघ्र भेजें, ताकि उपलब्ध बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।