उपायुक्त अजय कुमार ने पटौदी लघु सचिवालय स्थित सरल सेवा केंद्र का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उपायुक्त अजय कुमार ने बुधवार को पटौदी स्थित लघु सचिवालय में सरल सेवा केंद्र का निरीक्षण कर दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर आमजन से सीधे बातचीत की और सेवाओं की उपलब्धता, प्रक्रिया एवं सुविधा स्तर को लेकर फीडबैक प्राप्त किया।
उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समय पर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण दौरे में पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सरल केंद्र में व्हीकल पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, एफिडेविट, जमाबंदी सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़े अन्य काउंटरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक काउंटर पर नागरिकों को सही जानकारी दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी न हो।
उपायुक्त ने कहा कि सेवा केंद्र में साफ-सफाई, बैठने की उचित व्यवस्था और सूचना संबंधी फ्लैक्स व बोर्ड स्पष्ट एवं आम भाषा में होने चाहिए, ताकि लोगों को प्रक्रिया समझने में आसानी हो। उपायुक्त ने कहा कि सेवा केंद्रों में आने वाले लोगों के साथ शालीन व्यवहार, स्पष्ट मार्गदर्शन और समय पर समाधान ही अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था की पहचान है।