-नियमों की अवहेलना कर बीपीटीपी प्राइम सोसाइटी के विस्तार का मामला
-बगैर अनुमति तीन एकड़ में नए टावर खड़े करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर 66 स्थित बीपीटीपी प्राइम सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर द्वारा नियमों की अवहेलना करके सोसाइटी का विस्तार किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि बिल्डर बगैर लोगों से मशवरा किए सोसाइटी का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने बिल्डर पर बगैर अनुमति तीन एकड़ में नए टावर खड़े करने का भी आरोप लगाया।
लोगों का कहना है कि 11 एकड़ की यह सोसाइटी वर्ष 2008 से 2010 के बीच बनी थी। अब बिल्डर तीन एकड़ में नए टावर बना रहे हैं। नियमानुसार सोसाइटी के विस्तार की योजना या बिल्डिंग प्लान में परिवर्तन करने से पहले उन्हें निवासियों से पूछना चाहिए। घरों के विस्तार से उन्हें मिल रही सेवाओं पर असर पड़ेगा। इस समस्या को लेकर लोग पहले बादशाहपुर के विधायक और वन पर्यावरण और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह से भी मिल चुके हैं। उन्होंने परियोजना विस्तार पर रोक का आश्वासन तो दिया है मगर बिल्डर का काम अभी नहीं रुका है। दूसरी ओर सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि यह प्रदर्शन निवासियों के एक समूह ने आयोजित किया है। सोसाइटी के विस्तार की योजना अलग है। उसका गेट और सेवाएं अलग से होंगी। आरडब्ल्यूए इस विरोध प्रदर्शन का हिस्सा नहीं है।